छोटीसादड़ी में 1.33 क्विंटल अवैध डोडाचूरा जब्त:प्रतापगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत अल्टो कार भी पकड़ी, ड्राइवर फरार

प्रतापगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 क्विंटल 33 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया है। इस कार्रवाई में डोडाचूरा के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक अल्टो कार भी जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्रसिंह जोधा के नेतृत्व में छोटीसादड़ी पुलिस टीम द्वारा की गई। घटना 24 दिसंबर 2025 की है, जब छोटीसादड़ी थाना प्रभारी नारायणलाल अपनी टीम के साथ गोमाना स्वरूपगंज जाने वाली सड़क पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सामने से एक अल्टो कार (आरजे 38 सीए 0803) आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार नहीं रोकी और उसे चौहानखेड़ा जाने वाले कच्चे रास्ते पर भगा ले गया। पुलिस ने कार का पीछा किया, जिसके बाद ड्राइवर कार को रास्ते में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने आसपास के इलाके में चालक की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। कार में अवैध वस्तु होने की आशंका पर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में सफेद रंग के प्लास्टिक के 8 कट्टे मिले। इन कट्टों को खोलकर देखने पर उनमें से दो छोटे कट्टों में पिसा हुआ डोडाचूरा और छह कट्टों में अधकुचला डोडाचूरा भरा हुआ पाया गया। तोल करने पर कुल अवैध अफीम डोडाचूरा का वजन 1 क्विंटल 33 किलोग्राम निकला। पुलिस ने अवैध डोडाचूरा और परिवहन में प्रयुक्त अल्टो कार (आरजे 38 सीए 0803) को जब्त कर लिया है। इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *