छोटी सादड़ी में एडीजे कोर्ट खोलने का विरोध कर रहे प्रतापगढ़ के वकीलों ने आज राजस्व मंत्री हेमंत मीना से मुलाकात की। जिला अभिभाषक संघ की ओर से इस दौरान ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें एडीजे कोर्ट का विरोध करते हुए विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई। जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष अरुण पाटीदार ने बताया-प्रदेश सरकार एवं राजस्थान हाई कोर्ट द्वारा हाल ही में जिले के छोटी सादड़ी में एडीजे कोर्ट स्थापित करने के जो आदेश जारी किए गए हैं। वह विधि विरुद्ध है। इसको लेकर प्रतापगढ़ के वकील आंदोलनरत है। आज प्रदेश के राजस्व मंत्री हेमंत मीना से उनके अंबामाता स्थित आवास पर वकीलों ने मुलाकात की और जिला अभिभाषक संघ की ओर से ज्ञापन दिया। ज्ञापन में छोटी सादड़ी में एडीजे कोर्ट का विरोध करते हुए वकीलों ने प्रतापगढ़ में एन आई एक्ट के तहत स्पेशल कोर्ट और राजस्व अपील न्यायालय खोलने की मांग रखी। साथ ही अभिभाषक संघ के चेंबर के लिए बजट आवंटित करने सहित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की भी मांग की। इस दौरान मंत्री हेमंत मीणा ने वकीलों को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।


