भास्कर न्यूज | डौंडी सोमवार को शासकीय मिडिल स्कूल एवं हाई स्कूल गुदुम में वन सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि यदि आसपास के जंगलों में कहीं भी आग लगती दिखाई दे, तो वे तुरंत वन विभाग के कर्मचारियों को फोन कर सूचना दें। इस अवसर पर बच्चों को वन विभाग के कर्मचारियों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए गए, ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके और बड़े नुकसान से बचा जा सके। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि जंगलों में आग लगने से कई गंभीर नुकसान होते हैं, जैसे आग से पेड़-पौधों और वन्य जीवों की कई प्रजातियां नष्ट हो जाती हैं। आग से निकलने वाला धुआं और जहरीली गैसें हवा को प्रदूषित करती है। आग के बाद मिट्टी की उपजाऊ शक्ति कम हो जाती है। जंगलों में आग से कार्बन डाइऑक्साइड का स्तर बढ़ता है, जिससे जलवायु परिवर्तन को बढ़ावा मिलता है। कीमती लकड़ी, वन संपदा और अन्य वन उत्पाद नष्ट हो जाते हैं। धुएं के कारण सांस की बीमारी, आंखों में जलन जैसी समस्या हो सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने बच्चों से अपील की कि वे स्वयं भी जंगलों में आग न लगाएं और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। बच्चों ने भी जंगलों की सुरक्षा में सहयोग करने का संकल्प लिया।


