बैतूल शाहपुर पुलिस ने इंसानियत का परिचय देते हुए एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को उसके परिजनों से सुरक्षित मिलाया। महिला पिछले दो दिनों से जंगल में भटक रही थी। शनिवार को शाहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने उसे खोजकर परिवार के सुपुर्द किया। जानकारी के अनुसार महिला केसला क्षेत्र में मजदूरी के लिए गई थी, जहां उसकी मानसिक हालत बिगड़ गई और वह रास्ता भटककर जंगल में पहुंच गई। 24 जनवरी की दोपहर करीब तीन बजे वह भौंरा के जंगल इलाके में घूमती हुई मिली। सूचना मिलने पर प्रधान आरक्षक कुंवरलाल नागले मौके पर पहुंचे। महिला अपनी पहचान और पता बताने की स्थिति में नहीं थी। महिला की पहचान की जा रही
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया ने महिला की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करवाईं, ताकि उसकी पहचान हो सके। कुछ ही समय में जानकारी मिली कि महिला भौंरा चौकी के पास के एक गांव की रहने वाली है। इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया। डायल 112 की टीम, जिसमें महिला आरक्षक सविता, मनीषा और आरक्षक जय किशन शामिल थे, महिला को सुरक्षित उसके परिवार तक लेकर पहुंची। बेटी को सही-सलामत देखकर परिजन भावुक हो गए और पुलिस का धन्यवाद किया। महिला के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने को देखते हुए थाना प्रभारी ने उसके इलाज में हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया। शाहपुर पुलिस की यह कार्रवाई उनकी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को दर्शाती है।


