बालोद में 9 जनवरी से प्रस्तावित जंबूरी के आयोजन को लेकर भारतीय जनता पार्टी के भीतर सियासी टकराव खुलकर सामने आ गया है। इस आयोजन को लेकर बीजेपी के सीनियर नेता और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल तथा स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बीच चल रही खींचतान अब सार्वजनिक चर्चा का विषय बन चुकी है। इसी पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। भिलाई में पत्रकारों से चर्चा करते हुए देवेंद्र यादव ने कहा कि बीजेपी नेताओं के बीच इस समय कुश्ती चल रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह बड़े दुख की बात है कि पार्टी के सीनियर नेताओं को बार-बार जूनियर नेता उठाकर पटक दे रहे हैं और संगठन चुपचाप यह सब होने दे रहा है, बल्कि कहीं न कहीं इसमें उनकी मदद भी कर रहा है। जंबूरी आयोजन को लेकर चल रहा विवाद
देवेंद्र यादव ने यह बयान जंबूरी आयोजन को लेकर बृजमोहन अग्रवाल और गजेंद्र यादव के बीच चल रहे विवाद से जुड़े सवालों पर पत्रकारों से कही। दरअसल जंबूरी जैसे बड़े आयोजन को लेकर पार्टी के भीतर समन्वय की कमी और आपसी टकराव ने विपक्ष को हमला बोलने का मौका दे दिया है। देवेंद्र यादव ने कहा कि बीजेपी के अंदर सब कुछ ठीक नहीं है और इसका असर प्रशासनिक फैसलों पर भी पड़ रहा है। कांग्रेस ने एसीबी में दर्ज करवाई है शिकायत
बता दें कि बालोद में होने जा रहे रोवर–रेंजर जंबूरी 2026 को लेकर कांग्रेस ने आयोजन से जुड़े टेंडर आबंटन में गंभीर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए ACB/EOW कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने EOW पहुंचकर पूरे मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। स्काउट गाइड का छत्तीसगढ़ अध्यक्ष कौन इसे लेकर बड़ा विवाद
स्कूल शिक्षा विभाग ने 13 दिसंबर 2025 को एक आदेश जारी कर स्कूली शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ का राज्य अध्यक्ष मनोनीत किया। यह आदेश ही विवाद की सबसे प्रमुख वजह है। क्योंकि इससे पहले बृजमोहन अग्रवाल जब शिक्षा मंत्री थे तब उन्हें स्काउट्स एवं गाइड्स का पदेन राज्य अध्यक्ष बनाया गया था। जबकि आज तक बृजमोहन अग्रवाल ने अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया है। इसके बाद भी विभाग ने बिना बृजमोहन अग्रवाल की सहमति के बिना गजेंद्र यादव को पदेन अध्यक्ष घोषित कर दिया है। बीएसपी प्रबंधन के खिलाफ फिर खोलेंगे मोर्चा : देवेंद्र
इस दौरान देवेंद्र यादव ने भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की रिटेंशन स्कीम को लेकर भी अपनी आगामी रणनीति साझा की। उन्होंने बताया कि बीएसपी प्रबंधन के साथ हुई बातचीत में कई मुद्दों पर सहमति बनी थी, लेकिन रिटेंशन स्कीम जैसे अहम विषय पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। विधायक ने कहा कि 600 स्क्वायर फीट तक के मकानों को लेकर चर्चा जरूर हुई थी, लेकिन आज तक प्रबंधन की ओर से कोई जवाब सामने नहीं आया है। वहीं, व्यापारियों को भी अब तक किसी तरह की राहत नहीं मिली है। 25 जनवरी को भिलाई में पैदल मार्च
इन सभी मुद्दों को लेकर देवेंद्र यादव ने आंदोलन का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि 25 जनवरी को भिलाई नगर में एक दिवसीय पैदल मार्च निकाला जाएगा। इससे पहले वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और अधिक से अधिक लोगों को इस आंदोलन से जोड़ने का प्रयास करेंगे। देवेंद्र यादव ने कहा कि जब तक आम जनता और प्रभावित लोगों को उनका हक नहीं मिलेगा, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी।


