बालोद| प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी शिविर में पुलिस ने सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम किया। विभिन्न राज्यों से आए रेडक्रॉस के बच्चों को अंतरविभागीय लीड एजेंसी सड़क सुरक्षा अध्यक्ष व सहायक पुलिस महानिरीक्षक यातायात नवा रायपुर संजय शर्मा ने सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। बच्चों को बड़ी वाहनों के ब्लाइंड स्पॉट, भीड़ नियंत्रण, दो वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी और स्पीड नियंत्रित करने के उपाय के बारे में बताया। सेफ्टी विथ हेलमेट थीम पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट में बच्चों और आगंतुकों ने सेल्फी लेकर जागरूकता फैलाने में भाग लिया। शिविर स्थल पर साइबर अपराध, महिला एवं बच्चों के सुरक्षा नियम, नवीन कानूनों के स्टॉल भी लगाए गए। आगंतुकों को यातायात नियमों के पाम्पलेट वितरित किए गए।


