जगदलपुर-सुकमा-कोंटा फोरलेन की मिली स्वीकृति:महाराणा प्रताप चौक पर बनेगा फ्लाईओवर; सांसद की मांग पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने लगाई मुहर

छत्तीसगढ़ में NH-30 के तहत जगदलपुर से सुकमा और कोंटा सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा। साथ ही जगदलपुर के महाराणा प्रताप चौक में फ्लाईओवर बनेगा। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बस्तर के सांसद महेश कश्यप को पत्र लिखकर कहा कि उनकी मांग को स्वीकृति दे दी है। इस मांग को वित्तीय वर्ष 2024-25 की योजना में शामिल किया गया है। NH-30 में कुल 387 किमी की सड़क निर्माण का काम होगा। रायपुर-जगदलपुर मार्ग के 216.500 किमी और जगदलपुर-सुकमा-कोंटा मार्ग के 170.600 किमी खंड को फोरलेन में परिवर्तित किया जाएगा। इस परियोजना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट का कार्य शुरू हो चुका है। वहीं महाराणा प्रताप चौक पर फ्लाईओवर के निर्माण से ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी। साथ ही सड़क हादसों में भी कमी आएगी। दरअसल, बस्तर के सांसद महेश कश्यप ने 20 दिसंबर 2024 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर इन परियोजनाओं की मांग उठाई थी। सांसद बोले- बढ़ेगी विकास की रफ्तार सांसद महेश कश्यप ने कहा कि यह स्वीकृति बस्तर की जनता के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह परियोजना न केवल यातायात को सुगम बनाएगी, बल्कि क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि यह बस्तर के लिए विकास की नई गाथा लिखेगी। फोरलेन सड़क से बस्तर क्षेत्र में व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। कनेक्टिविटी में सुधार से स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में आसानी होगी। बेहतर सड़क और यातायात व्यवस्था से बस्तर के प्राकृतिक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी, जिससे पर्यटकों की संख्या भी बढ़ेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *