जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में शादी पोर्टल के बहाने एक युवती को ब्लैकमेल कर ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को बोकारो जिले के कथारा ओपी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ गुप्ता उर्फ नन्दन कुमार (25) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के पौडुल का निवासी है और वर्तमान में बोकारो के गोमिया थाना क्षेत्र स्थित कथारा नंबर-4 में रह रहा था। आरोपी ने ‘शादी.कॉम’ पोर्टल के माध्यम से पीड़िता का मोबाइल नंबर प्राप्त किया था। वीडियो कॉल के जरिए आपत्तिजनक फोटो और वीडियो रिकॉर्ड किया इसके बाद, आरोपी ने खुद को धनबाद कोर्ट का पेशकार बताकर पीड़िता से संपर्क साधा और उसका विश्वास जीता। उसने व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। इन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने पीड़िता से लगभग दो लाख रुपए की ठगी की। इस घटना से आहत पीड़िता ने जगन्नाथपुर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जगन्नाथपुर थाना में आईटी एक्ट 2000 के तहत मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी। बोकारो से आरोपी सौरभ गुप्ता उर्फ नन्दन कुमार गिरफ्तार पुलिस की छापेमारी दल ने तकनीकी शाखा की मदद से आरोपी का लोकेशन ट्रैक किया। बोकारो जिले के कथारा ओपी क्षेत्र में शनिवार को ही छापेमारी कर आरोपी सौरभ गुप्ता उर्फ नन्दन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के फोन में कई महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो मिले गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक रेडमी कंपनी का स्मार्टफोन बरामद हुआ। इस फोन में कई महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो, विभिन्न बैंकिंग ऐप्स के क्यूआर कोड, भारी मात्रा में ऑनलाइन पैसों के लेनदेन के रिकॉर्ड, फर्जी पहचान पत्र, साथ ही पीड़िता के वीडियो, फोटो और ट्रांजैक्शन विवरण मिले हैं। पुलिस ने सभी बरामद सामग्रियों की सूची बनाकर जब्त कर लिया है। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी का पहले भी साइबर अपराध से जुड़ा आपराधिक इतिहास रहा है। एसडीपीओ राफेल मुर्मू ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे मामलों से बचने के लिए अपनी निजी जानकारी सोशल मीडिया या किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।


