जगराओं तहसील के नए फरमान से बढ़ी टेंशन:200 फुट तक की कृषि भूमि की रजिस्ट्री कॉमर्शियल होगी, किसानों को होगा नुकसान

लुधियाना के जगराओं में प्रॉपर्टी डीलर एसोसिएशन की सिधवां बेट रोड पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। देर रात हुई बैठक में प्रॉपर्टी डीलरों ने तहसील के नए फरमान पर गंभीर चिंता जताई। एसोसिएशन के प्रधान रितेश भट्ट ने बताया कि नए नियम के अनुसार, हाईवे से 200 फीट की दूरी तक की कृषि भूमि की रजिस्ट्री कॉमर्शियल श्रेणी में की जाएगी। यह नियम तब भी लागू होगा, जब एक किसान दूसरे किसान को खेती के लिए जमीन बेचे। भट्ट ने कहा कि यह फैसला किसानों के लिए नुकसानदायक है। इससे न केवल उन्हें लाखों रुपए का अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा, बल्कि खेती की जमीन भी कॉमर्शियल में तब्दील हो जाएगी। उन्होंने तर्क दिया कि जब किसी जमीन की गिरदावरी और जमाबंदी कृषि भूमि के रूप में दर्ज है, तो उसकी रजिस्ट्री भी कृषि श्रेणी में ही होनी चाहिए। उठाया जाएगा एनओसी का मुद्दा एसोसिएशन ने एनओसी से जुड़े मुद्दे को भी उठाया। उनका कहना है कि पैतृक घर या प्लॉट की बिक्री पर एनओसी की अनिवार्यता को समाप्त किया जाना चाहिए। हालांकि, अगर पैतृक संपत्ति को कई हिस्सों में बांटकर बेचा जा रहा है, तो एनओसी की आवश्यकता उचित है। इसके अलावा यूनियन ने टोकन सिस्टम से रजिस्ट्री की मांग करते कहा कि रजिस्ट्री करवाने वाले शाम तक बैठे रहते हैं। उनको पता ही नहीं होता है कि उनका कब नंबर आएगा। अगर टोकन सिस्टम होगा तो लोग अपने अन्य काम खत्म कर रजिस्ट्री के समय पर आकर रजिस्ट्री करवा सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं के लिए अलग से बाथरूम बनाने की मांग करते कहा कि महिलाओं को बाथरूम के परेशान होना पड़ता है। जो बाथरूम बने हैं उनको अधिकारियों के लिए ताले में कैद कर रखा है। नायब तहसीलदार को दिया जाएगा मांग पत्र डीलर एसोसिएशन सोमवार को नायब तहसीलदार को इन मुद्दों से संबंधित मांग पत्र सौंपेगी। साथ ही, रजिस्ट्री के तुरंत बाद इंतकाल की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग भी की जाएगी। वहीं सरकार की तरफ से आने वाले नोटिफिकेशन बाहर बोर्ड पर लगाए जाने की मांग की जाएगी। जब भी नए नोटिफिकेशन आते हैं तो क्लर्क उन्हें दबा लेते है, ताकि जनता को सरकार के नए नोटिफिकेशन सबंधी कुछ पता ना चले। रितेश भट्ट ने कहा गर्मी का मौसम देखते हुए यूनियन ने फैसला किया है कि अपनी तरफ तहसील परिसर में वाटर कूलर व आरओ सिस्टम लगाया जाएगा। बैठक में अध्यक्ष रितेश भट्ट के अलावा हरजीत सिंह सोनू, राम दत्त पप्पू, परवीन धवन, राहुल गुप्ता, दर्शन सिंह कलेर, कोमल बंसल, आशु मंगला, अनिल कुमार काका, कुलवंत सिंह खुराना, राकेश मैनी, सुरिंदर अरोड़ा, प्रदीप कुमार दुआ, जगमोहन भंडारी, सचिन गोयल, राजकुमार राजू, पवन कुमार वर्मा, संजीव गुप्ता, सुखजीत सिंह और दीपक ढंड लक्की उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *