जगराओं मर्डर केस में दो और गिरफ्तार:प्रेमिका से मिलने गए दोस्त के साथ गया था, पिटाई करने के बाद पुल से नीचे फेंका

लुधियाना के जगराओं में करीब एक सप्ताह पहले नानकसर पुल के पास प्रेमिका से मिलने आए युवक के दोस्त की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बूटा खान निवासी गांव लीला मेघ सिंह सिधवां बेट और रवि कुमार निवासी गांव नत्थूआना अजीतवाल मोगा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड लिया है। थाना सिटी के इंचार्ज वरिंदर सिंह उप्पल ने बताया कि मृतक गुरप्रीत सिंह अपने दोस्त सुक्खा के साथ बाघापुराना के गांव आलमवाला की जसविंदर कौर से मिलने जगराओं आया था। जसविंदर कौर ने सुक्खा को नानकसर पुल के नीचे बुलाया था। वहां पहले से मौजूद जसविंदर, उसका पति सुखदेव सिंह, जीजा सुलतान सिंह, स्वर्णजीत सिंह और मनप्रीत सिंह ने दोनों पर डंडों और हथियारों से हमला कर दिया। सुक्खा मौके से भाग निकला। बुरी तरह पीटकर पुल से नीचे फेंका था आरोपियों ने गुरप्रीत को बुरी तरह पीटा और पुल के नीचे फेंक दिया। अगली सुबह राहगीर ने घायल गुरप्रीत को देखा और अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक गुरप्रीत के भाई मनप्रीत की शिकायत पर पुलिस ने 4 अज्ञात समेत 9 लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया था। पहले ही 5 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। अब फरार चल रहे दो अज्ञात आरोपियों को भी पकड़ लिया गया है। सभी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस जांच में तेजी आई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *