जगराओं में आज पुलिस ने आढ़त से गेहूं चोरी करने वाले को पकड़ा है। मार्किट कमेटी के अकाली दल के पूर्व चेयरमैन कमलजीत सिंह की मल्ला गांव स्थित आढ़त से गेहूं चोरी हुआ था। पुलिस ने वारदात के 10 दिन बाद दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना हठूर के एएसआई गीतइंदरपाल सिंह के अनुसार, आरोपियों की पहचान गांव मल्ला के चंदा सिंह और जश्नप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पीड़ित कमलजीत सिंह ने बताया कि उनकी आढ़त की दुकान मल्ला गांव में है। गेहूं सीजन के कारण दुकान में गेहूं की बोरियां रखी थीं। 25-26 अप्रैल की रात को चोरों ने 50-50 किलो की 7 बोरियां चुरा लीं। पुलिस ने जांच के बाद एक आरोपी चंदा सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया है और पूछताछ जारी है। दूसरा आरोपी जश्नप्रीत सिंह अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। जांच अधिकारी चोरी किए गए गेहूं की बरामदगी के लिए आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं।


