लुधियाना में जगराओं के गांव मलासिया में स्थित एक किराना स्टोर से 35 हजार रुपए का सामान चोरी हो गया। पुलिस ने घटना के ढाई महीने बाद मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बयान दर्ज किए थे लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार महावीर कॉलोनी के रहने वाले मदन लाल की दुकान पूर्व सरपंच हरबंस सिंह के घर के बाहर स्थित है। 21 फरवरी को शाम 7 बजे दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। अगली सुबह गांव के गुरमिंदर सिंह ने फोन कर दुकान के ताले टूटे होने की सूचना दी। दुकान से घी समेत सामान चोरी मौके पर पहुंचकर मदन लाल ने देखा कि चोर देसी घी के 5 डिब्बे, सरसों तेल की 10 बोतलें और 20 किलो चीनी ले गए थे। इसके अलावा महिलाओं और बच्चों का सामान, खाद्य सामग्री, दालें और 9 बोतल सॉफ्ट ड्रिंक्स भी चोरी हो गईं। ढाई महीने बाद मामला दर्ज इस सबंध में थाना सदर की पुलिस को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बयान दर्ज किए। लेकिन इतने दिनों तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब थाना सदर में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हैरानी की बात यह रही कि ढाई महीनों में पुलिस ने चोर को पकड़ना तो दूर पुलिस चोरों का सुराग भी पता नही कर सकी। एसआई जगजीत सिंह ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है और चोरों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।


