जगराओं में आज भारतीय किसान यूनियन एकता डकौदा की जनसभा हुई। भूंदड़ी गांव में बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष बेअंत सिंह बैनीवाल ने की। क्रांतिकारी केंद्र पंजाब के महासचिव कंवलजीत खन्ना विशेष रूप से उपस्थित रहे। गुरुद्वारा साहिब में हुई बैठक में कैंसर गैस फैक्ट्री संघर्ष समन्वय समिति के नेतृत्व में चल रहे विरोध प्रदर्शनों पर चर्चा हुई। भूंदड़ी, अखाड़ा, मुश्काबाद, बग्गा कलां और भोगपुर सहित कई गांवों में हो रहे प्रदर्शनों में पुलिस की कार्रवाई की निंदा की । लुधियाना में संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक में निर्णय लिया गया कि पुलिस कार्रवाई और भगवंत मान सरकार के विरोध में 26 मई को रैली निकाली जाएगी। यह रैली पहले 13 मई को प्रस्तावित थी। खनौरी, शंभू, गुरदासपुर, पायल और चंदभान में हुई घटनाओं के विरोध में कार्रवाई की मांग की गई। कंवलजीत खन्ना ने भारत-पाकिस्तान के बीच पहलगाम की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि युद्ध फिलहाल रुका है, लेकिन इसके दोबारा शुरू होने की आशंका बनी हुई है। संयुक्त किसान मोर्चा ने 14 मई को सभी जिलों में युद्ध विरोधी शांति मार्च का आह्वान किया है। बैठक में भूंदड़ी इकाई कमेटी के रिक्त पदों पर नियुक्तियां की गईं। जगराज सिंह भूंदड़ी को उपाध्यक्ष, अवतार सिंह गोलू को सचिव और जगविन्द्र सिंह जग्गा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। जिला उपाध्यक्ष सुखविंदर सिंह हंबड़ा ने सिरोपा देकर नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान किया।


