जगराओं में चोरी करने वाला गिरफ्तार:पूर्व फौजी को कमरे में बंद कर सामान चुराया, दूसरा फरार

जगराओं में पूर्व फौजी के घर हुई चोरी के मामले में आज एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान संतोष कुमार उर्फ डाकू के तौर पर हुई है। उसका साथी अभी फरार है। घटना मुल्लापुर की है। थाना दाखा पुलिस के अनुसार यह वारदात अजीतसर नगर, लिटल एंजल्स स्कूल वाली गली में रहने वाले पूर्व फौजी सुरिंदरजीत सिंह के घर में हुई। 26 अप्रैल की रात करीब दो बजे दो चोर घर में घुसे। सुरिंदरजीत सिंह उस समय अकेले थे। उनका परिवार श्री अमृतसर में दरबार साहिब गया था। चोरों ने सुरिंदरजीत के कमरे को बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया। फिर अन्य कमरों से साढ़े तीन तोले सोने के गहने और आधा किलो चांदी चुरा ली। इसके अलावा कपड़े, बर्तन और नकदी भी ले गए। रात तीन बजे सुरिंदरजीत की नींद खुली। उन्होंने देखा कि कमरा बाहर से बंद है। शोर सुनकर चोर भाग गए। पड़ोसियों की मदद से कमरे से बाहर निकले तो घर का सामान बिखरा मिला। आसपास के सीसीटीवी फुटेज में दो चोर बोरी में सामान भरकर भागते दिखे। पुलिस ने जांच के बाद संतोष कुमार और मंडी मुल्लापुर निवासी मान्ने के बेटे के खिलाफ मामला दर्ज किया। संतोष को गिरफ्तार कर दो दिन का रिमांड लिया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *