जगराओं में स्कूल जाते समय लड़की के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। लड़की ने जब छेड़छाड़ का विरोध किया तो आरोपी युवक ने अपने साथियों संग मिलकर लड़की के घर में घुस कर हमला कर दिया। आरोपी ने लड़की के सिर में बोतल मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन अज्ञात आरोपियों समेत 9 लोगों पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी। आरोपियों की पहचान अजय गिल, कर्ण गिल, बबलू , दीपू गिल, सतनाम सिंह उर्फ कम्मा व नीटा समेत तीन अज्ञात के रूप में हुई है। थाना सिटी के एसआई हरप्रीत सिंह ने बताया कि रानी वाला खूह निवासी लड़की ने थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि वह 12वीं कक्षा में पढ़ती है। जब भी वह घर से स्कूल के लिए जाती थी तो आरोपी अजय गिल उसके साथ अक्सर छेड़छाड़ करता था। रास्ते में रोककर परेशान करने के साथ उससे जबरदस्ती दोस्ती करने को कहता था, लेकिन लड़की ने दोस्ती करने से इनकार कर दिया। जबरदस्ती खोला घर का गेट इसके बाद लड़की के पिता ने आरोपी के घर जाकर उसके परिजनों से शिकायत की, जिससे नाराज होकर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर कर लड़की के घर पर ईंट-पत्थर व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। आरोपी जबरदस्ती उनके घर का खोलकर घर के अंदर दाखिल हो गए। लड़की ने इसका विरोध किया तो उसके सिर में बोतल मारकर घायल कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि लड़की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।


