जगराओं में पंजाब और हरियाणा के बीच जल विवाद एक बार फिर तूल पकड़ गया है। भाजपा के जिला जनरल सचिव डॉ. रजिंदर शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के विरोध में रोष मार्च निकाला। भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री मीडिया में हरियाणा को पानी न देने की बात करते हैं। साथ ही सभी पार्टियों की बैठक भी बुला रहे हैं। डॉ. रजिंदर शर्मा ने स्पष्ट किया कि पंजाब भाजपा, हरियाणा में अपनी सरकार होने के बावजूद पंजाब के हित में खड़ी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पानी न दे, अगर हरियाणा को पानी दिया जाता है तो यह मुख्यमंत्री मान का व्यक्तिगत निर्णय होगा। कर्नल इंद्रपाल सिंह धालीवाल ने बताया कि 6 अप्रैल से हरियाणा को 4 हजार क्यूसेक अतिरिक्त पानी दिया जा रहा था। मुख्यमंत्री मान ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। लेकिन जब यह बात सामने आई तो उन्होंने नाटक शुरू कर दिया। विरोध मार्च में सतीश कुमार पप्पू, विक्की चौधरी, मंगत भगत, देव मनोहर, बावा जैन समेत कई भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


