लुधियाना के जगराओं में मंगलवार को अपने मायके घर में फांसी लगाकर जान देने वाली नवविवाहिता इशिका की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ससुराल पक्ष के पति समेत पांच लोगों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। थाना सिटी प्रभारी परमिंदर सिंह ने बताया कि मृतका के पिता पूर्ण चंद के बयानों के आधार पर उसके पति, जेठ, जेठानी, सास और पति के मामा पर केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान पति मोहित कुमार, जेठ रोहित कुमार, जेठानी आंचल कुमारी, सास सुनीता देवी और पति के मामा काका (निवासी जगराओं) के रूप में हुई है। मायके में किया था सुसाइड जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर रात को इशिका ने अपने मायके घर पर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल में रखवा दिया था। बुधवार को दिनभर दोनों पक्षों के बीच बातचीत होती रही, लेकिन देर शाम को पुलिस ने मृतक का पोस्टमॉर्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। पति व अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं पुलिस अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले में दोनों पक्षों के बयानों और मोबाइल से मिले सुरागों की जांच कर रही है। इशिका की आत्महत्या से शहर में आक्रोश का माहौल है। बताया जा रहा है कि करीब चार महीने पहले इशिका की शादी आरोपी मोहित के साथ हुई थी, लेकिन घरेलू विवाद के चलते वह एक महीने से अपने मायके घर पर रह रही थी।


