लुधियाना के जगराओं में जमीन विवाद ने एक परिवार की आपस में लड़ाई हो गई। सास की मृत्यु के बाद एक एकड़ जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में देवर के परिवार ने महिला पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। थाना सिधवां बेट में पीड़िता शिंदर कौर की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना 20 नवंबर को उस समय हुई जब आरोपी यमना बाई अपने बेटे जसप्रीत सिंह और राजू सिंह के साथ विवादित जमीन पर फसल बोने पहुंची। जब पीड़िता शिंदर कौर उन्हें रोकने गई, तो तीनों आरोपियों ने न केवल उसके साथ मारपीट की बल्कि उस पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास भी किया। इस हमले में शिंदर कौर गंभीर रूप से घायल हो गईं। मामले की जांच कर रहे एएसआई हरप्रीत सिंह के अनुसार, यह विवाद दो साल पहले शिंदर कौर की सास की मृत्यु के बाद शुरू हुआ। सास के हिस्से की एक एकड़ जमीन पर देवर जगदेव सिंह का परिवार खेती कर रहा था। शिंदर कौर ने कई बार अपना आधा एकड़ हिस्सा मांगा, लेकिन देवर का परिवार जमीन छोड़ने को तैयार नहीं था। पुलिस ने तीन महीने की जांच के बाद यमना बाई, जसप्रीत सिंह और राजू सिंह के खिलाफ धारा 115(2) और 126(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। घटना में गंभीर रूप से घायल शिंदर कौर को उनके बेटे ने अस्पताल में भर्ती कराया।


