लुधियाना के जगराओं में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मंगलवार की देर रात डिस्पोजल रोड पर बाइक सवार लुटेरों ने एक महिला से पर्स छीन लिया। महिला सब्जी खरीदकर घर लौट रही थी, कि बाइक सवार दो बदमाश उसका मोबाइल और नकदी से भरा पर्स छीनकर मंडी की तरफ फरार हो गए। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब एक सप्ताह पहले रानी झांसी चौक के पास एक महिला टीचर से हुई स्नैचिंग के मामले में पुलिस अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं कर पाई है। हालांकि पुलिस ने आरोपियों की फोटो जारी की है, लेकिन बदमाश अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। नागरिकों में रोष व्याप्त डिस्पोजल रोड, जगराओं निवासी आरती देर रात बाजार से सब्जी खरीदकर अपने घर लौट रही थी, जब वह डिस्पोजल रोड पर पहुंची तो पीछे से बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाश उसका मोबाइल और पैसों से भरा पर्स छीनकर फरार हो गए। इसके बाद महिला ने शोर मचाया और बदमाशों के पीछे भी दौड़ी, लेकिन बदमाश दूर निकल चुके थे। स्थानीय नागरिकों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर रोष है। लोगों का कहना है कि शहर में कोई भी गली या बाजार अब सुरक्षित नहीं रहा है। थाना सिटी पुलिस की कार्यक्षमता पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि एक मामला सुलझने से पहले ही दूसरी वारदात हो जाती है। बेखौफ अपराधियों में पुलिस का कोई खौफ नहीं दिख रहा है, जो भरे बाजार में भी वारदात को अंजाम दे रहे हैं।


