लुधियाना के जगराओं में एक महिला समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 258 ग्राम हेरोइन, 8 हजार रुपए ड्रग मनी और आई20 कार बरामद की गई है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत सवा करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ थाना सिधवां बेट में मामला दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई सीआईए स्टाफ की पुलिस ने की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी कोट ईस्सेखां, बलविंदर सिंह उर्फ बिंदर सिंह निवासी गांव अबूपुरा सिधवां बेट और इंदरजीत कौर उर्फ ईंदू निवासी हरदेव नगर अगवाड़ गुजरा, चुंगी नंबर 5 जगराओं के रूप में हुई है। सीआईए स्टाफ के एएसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि वह पुलिस पार्टी के साथ गश्त पर थे। नहर पुल सिधवां बेट के पास उन्हें गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों को मौके से दबोच लिया। आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ की जा रही है। महिला तस्कर पर पहले से केस दर्ज
जांच में सामने आया कि बलविंदर सिंह उर्फ बिंदर का आपराधिक रिकॉर्ड पुराना है। वह एक महीने पहले ही असला एक्ट के मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था। उस पर छह मामले दर्ज हैं। इनमें नशा तस्करी, असला एक्ट और पुलिस हिरासत से फरार होने का मामला भी शामिल है। जांच अधिकारी के अनुसार, गुरप्रीत सिंह गोपी बड़े स्तर पर नशा तस्करी करता है। बिंदर और इंदरजीत कौर उससे हेरोइन खरीदते थे। बिंदर गांवों में और इंदरजीत कौर जगराओं शहर में सप्लाई करती थी। महिला तस्कर छोटे तस्करों को 5 से 10 ग्राम हेरोइन देकर उनसे पैसे वसूलती थी। जांच में यह भी सामने आया कि गोपी पर पहले भी नशा तस्करी का मामला दर्ज है। महिला तस्कर इंदरजीत कौर पर तीन मामले दर्ज हैं। जांच अधिकारी के मुताबिक आरोपी महिला का पति भी नशा तस्करी के धंधे में शामिल रहा है। उस पर भी तस्करी के कई मामले दर्ज है। फिलहाल वह जेल की हवा खा रहा है।


