पंजाब के लुधियाना जिले के जगराओं के वार्ड नंबर 12 के युवा पार्षद हिमांशु मलिक ने अपने साथी पार्षदों के साथ कांग्रेस के पंजाब प्रधान लुधियाना सांसद राजा वड़िंग को मांग पत्र सौंपा। शहर में एक मॉडर्न इनडोर-कम-आउटडोर स्टेडियम की स्थापना की मांग की गई है। मांग पत्र सौंपने के दौरान पार्षद अमन कपूर उर्फ बॉबी कपूर, मेशी सहोता और बिक्रम जस्सी मौजूद रहे। स्टेडियम में विशेष रूप से बैडमिंटन ग्राउंड को शामिल करने की मांग भी की गई। 5-6 एकड़ खाली जमीन उपलब्ध पार्षदों ने पत्र में उल्लेख किया कि स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय की भूमि जगराओं में युवाओं के लिए उचित स्टेडियम की सुविधा नहीं है। हिमांशु मलिक ने बताया कि उनके वार्ड के पास डेरा आपो आप और अगवार डल्ला क्षेत्र में 5-6 एकड़ खाली जमीन उपलब्ध है। प्रस्तावित स्टेडियम न केवल एक वार्ड बल्कि पूरे जगराओं के युवाओं के लिए खेल और सशक्तिकरण का केंद्र बन सकता है। यह स्थानीय युवाओं की लंबे समय से चली आ रही मांग है। सांसद ने एस्टीमेट बनाने को कहा पार्षद मलिक ने बताया कि सांसद राजा वडिंग ने उन्हें 40 लाख तक के एस्टीमेट बना कर भेजने को कहा, ताकि जल्द से जल्द बैडमिंटन स्टेडियम तो बनाया जा सके। सांसद राजा वड़िंग ने पार्षद के निवेदन पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जगराओं के युवाओं के लिए उचित कदम जरूर उठाएंगे।


