लुधियाना के जगराओं में पुलिस ने रविवार को तीन कॉलेज छात्रों को हेरोइन की तस्करी करते हुए पकड़ा है। आरोपियों से 110 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। तीनों कार में सवार होकर ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीआईए स्टाफ के एएसआई सुखदेव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शेरपुरा चौक पर चेकिंग कर रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शुगर मिल कॉलोनी से तीन युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान फिरोजपुर के अनमोल सिंह उर्फ अभी, अर्शदीप उर्फ अर्श (तलवंडी भाई) और आदित्य उर्फ काका (घुम्मार मंडी फिरोजपुर छावनी) के रूप में हुई है। कार की तलाशी में मिली हेरोइन आरोपी दिल्ली नंबर की कार में सवार होकर जगराओं में ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उनसे 110 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कॉलेज में पढ़ाई करते हैं और पैसों के लालच में नशे की तस्करी में शामिल हो गए। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी इतनी मात्रा में हेरोइन कहां से लाए थे और जगराओं में किसको सप्लाई करने वाले थे। थाना सिटी में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


