जगराओं पुलिस ने 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में से एक महज एक महीने पहले ही जेल से जमानत पर छूटा था। पुलिस ने आरोपियों के पास से हेरोइन बरामद की है। थाना सिटी के एएसआई रणधीर सिंह के अनुसार, गश्त के दौरान अखाड़ा रोड पर बाबा जहरबली की दरगाह के पास एक कच्चे रास्ते पर दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें पकड़ा तो उनके पास से एक लिफाफे में हेरोइन मिली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलविंदर सिंह उर्फ बिंदरी (इंडस्ट्री एरिया फगवाड़ा का रहने वाला, वर्तमान में गांधी नगर जगराओं में रह रहा है) और जगजीवन सिंह उर्फ गोपी (थेह कोकरी कलां का निवासी) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि बलविंदर सिंह पर पहले से ही थाना सिटी में नशा तस्करी के दो मामले दर्ज हैं। पहला मामला 2023 में और दूसरा 2024 में दर्ज किया गया था। वह एक महीने पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था और फिर से नशा तस्करी में लिप्त हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को एक दिन का रिमांड मिला है।


