भास्कर न्यूज | तमता पत्थलगांव विधानसभा के लुड़ेग तमता मंडल के ग्राम लुड़ेग में मोर दुआर-साय सरकार महा-अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान, उन्होंने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और क्षेत्र के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाएं सीधे आम लोगों तक पहुंच रही हैं और यह अभियान उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने ग्रामीणों के बीच जाकर लाभार्थियों से बातचीत की और उन्हें विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पानी बचाने की शुरुआत हमें अपने घर से करनी चाहिए। दैनिक जीवन में छोटी-छोटी आदतों को शामिल करके हम पानी की बर्बादी को रोक सकते हैं, जैसे नल को खुला न छोड़ना, वर्षा जल का संचयन करना, पानी के स्रोत के आसपास गंदगी न फैलाना आदि। जल आज की बहुत बड़ी आवश्यकता है, आने वाली पीढ़ी के लिए हमें अधिक से अधिक जल बचाना जरूरी है। मोर दुआर साय सरकार महाभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं बस्तर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के लिए ग्रामीणों के घर पहुंचकर सर्वे कार्य करते हुए प्रदेशव्यापी महाभियान का शुभारंभ किया था। तीन चरण में प्रत्येक गांव में पीएम आवास का सर्वे इस महाभियान में राज्य के प्रत्येक गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना प्लस 2.0 के लाभार्थियों के सर्वेक्षण का कार्य पूरा किया जाएगा, ताकि योजना के अंतर्गत आवास की स्वीकृति और निर्माण कार्य कराया जा सके। यह महाभियान तीन चरणों में चलेगा। पहले चरण में 15 से 19 अप्रैल के बीच जिला और ब्लॉक स्तर पर और दूसरे चरण में 20 से 28 अप्रैल तक सभी गांवों में ग्राम सभाएं आयोजित कर घर-घर जाकर पात्र परिवारों का सर्वेक्षण किया जाएगा। तीसरे चरण में 29 और 30 अप्रैल को सभी सर्वेक्षणों की पुष्टि, ग्राम सभा की स्वीकृति और सत्यापन कर अंतिम रिपोर्ट तैयार कर राज्य कार्यालय को भेजी जाएगी।


