जनगणना: लोगों को जानकारी देंगे फील्ड अफसर

भास्कर न्यूज | कोरबा जनगणना 2027 के पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के लिए बुधवार से जिला स्तरीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। प्रथम सत्र में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने राष्ट्रीय प्रशिक्षक की दी जानकारी को गंभीरता से समझने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना से जुटाई जानकारी का किसी योजना की पात्रता व अपात्रता के निर्धारण से वास्ता नहीं होगा। यह जानकारी फील्ड में रहने वाले अफसर-कर्मचारी, सरपंच, सचिव व ग्रामीणों तक जरूर पहुंचाएं। कलेक्टर दुदावत ने कहा कि जनगणना महत्वपूर्ण है। इसे गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ सटीक जानकारी के आधार पर समय-सीमा पर पूरा करें। प्रशिक्षण के दौरान चरणबद्ध तरीके से पूरी जानकारी दी जाएगी। इसे समय पर पूरा करने प्रशिक्षण, डेटा संग्रहण और कलेक्शन समेत सभी प्रक्रियाओं के लिए तय समय-सीमा का पालन अनिवार्य है। जितना बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा, फील्ड में काम उतना ही सहज और प्रभावी होगा। सभी से टीमवर्क के साथ काम करने और हर घर तक पहुंचकर सही और सटीक जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग ने प्रशिक्षण में मिलने वाली हर जानकारी को फील्ड में दक्षता के साथ लागू करने कहा। राष्ट्रीय प्रशिक्षक मिश्रा ने कहा कि जनगणना के दौरान संग्रहित किसी भी तथ्य को बाहर साझा नहीं किया जा सकता। जनगणना के लिए प्रगणक के लिए अलग मोबाइल एप और लोगों के लिए अलग एप रहेगा। प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी लेंगे और मोबाइल एप पर डेटा प्रविष्ट करेंगे। नागरिकों की ओर से मोबाइल एप पर दी गई जानकारी तब तक मान्य नहीं होगी, जब तक अधिकृत प्रगणक की ओर से सत्यापन नहीं होगा। जनगणना के दौरान अधिकृत वेबसाइट पर क्षेत्रवार प्रगणकों की जानकारी, पता और मोबाइल नंबर मौजूद रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *