भास्कर न्यूज | कोरबा गवर्नमेंट मिनीमाता गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं ने जनजातीय संस्कृति व कला को सहेजने का संदेश दिया। कॉलेज के जनजातीय गौरव वर्ष कार्यक्रम जनजातीय समाज के गौरवशाली अतीत, संस्कृति, सामाजिक और आध्यात्मिक योगदान परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को समर्पित रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रघुराज सिंह उइके, विशिष्ट अतिथि पुष्पराज सिंह ठाकुर, बलराम विश्वकर्मा, दीपक सिंह व कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र सिंह रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों को जनजातीय परंपरानुसार हाथ धुलवाकर किया। इसके बाद सभी ने जनजातीय गौरव नायक शहीद वीर नारायण सिंह, बिरसा मुंडा व रानी दुर्गावती के तैल चित्र पर दीप प्रज्जवलन से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि उइके ने कहा कि जनजाति गौरव वर्ष में देश के इतिहास के उन अध्यायों को उजागर करने का अवसर है, जिसमें जनजातीय समाज के नायक ने देश की आजादी, संस्कृति और समाज सुधार में असाधारण योगदान दिया। कार्यक्रम में समावेशी विकास, जनजातीय शिक्षा, कला, भाषा और परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया। छात्राओं ने भाषण, रंगोली, पोस्टर, जनजातीय व्यंजन सहित नायकों के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया। इसकी सभी ने सराहना की। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सिंह ने कहा जनजातीय युवाओं में अपनी पहचान, संस्कृति और संघर्षों के गौरव को समझने की प्रेरणा देना है। स्पर्धाओं के प्रतिभागी छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर प्रोत्साहित किया। अंत में आभार कॉलेज के राजनीति विभाग की सहायक प्राध्यापक वर्षा सिंह तंवर ने जताया। कार्यक्रम में मंच संचालन जनजातीय गौरव कार्यक्रम की सह-संयोजक अनिमा तिर्की ने किया। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राध्यापक व छात्राएं।


