गढ़वा| भाजपा नेता डॉ. लाल मोहन के नेतृत्व में मेराल के कार्यकर्ताओं ने गढ़वा रंका विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी से मिलकर जीत और विधानसभा में शपथ लेने पर बधाई दी। साथ ही भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी को मेराल में वर्षों से व्याप्त जन जनसमस्याओं से अवगत कराया। मौके पर भाजपा नेता डॉ. लाल मोहन ने कहा कि वर्षों बाद गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय विधायक मिल पाया है। इससे क्षेत्र के लोगों में काफी हर्ष का माहौल है। उन्होंने भाजपा विधायक से कहा कि मेराल में प्रशासन द्वारा दो पहिया वाहन को पकड़ कर सिर्फ परेशान किया जा रहा है। जांच के दौरान लोगों से मनमाना वसूली हो रही है। जबकि मौके पर परिवहन विभाग का कोई पदाधिकारी मौजूद नहीं होता है। इससे आम जनता काफी परेशान हो चुकी है। कार्यकर्ताओं से बात करते हुए भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि जनता को परेशान करने वाले अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई होगी। जनता को लूटने वाले अधिकारी पर बहुत जल्द विभागीय कार्रवाई तय होगी। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी और कर्मी अपनी कार्यशैली में सुधार कर लें। गढ़वा में लूट तंत्र को ध्वस्त करना जनता के बीच अमन चैन कायम करना प्राथमिकता है। गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में अब गुंडाराज, माफिया राज और लूट तंत्र नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि जनता के हित में वे सड़क से लेकर सदन तक लंबी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। भाजपा के सभी कार्यकर्ता पूरी तन्यमता के साथ जनता के हित में काम करें। जनता के हित में बाधक बनने वाला पदाधिकारी से लेकर कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर भाजपा मेराल दक्षिणी मंडल अध्यक्ष मनोज जायसवाल, भाजपा युवा नेता कमलेश कुमार, रोहित कुमार, मदन यादव, रत्नेश ठाकुर आदि मौजूद थे।


