भास्कर न्यूज | बालोद संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने ली। उन्होंने सभी विभागों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना प्राथमिकता है। शिक्षा विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने जिले में किए गए नवाचार और विभागीय कार्यों की जानकारी ली। जिला शिक्षा अधिकारी प्रभात मरकले ने शासकीय और अशासकीय स्कूलों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की संख्या, बोर्ड परीक्षा परिणामों की जानकारी दी। मध्यान्ह भोजन योजना, किचन शेड निर्माण, पीएमश्री स्कूल, आरटीई प्रवेश, प्रमाण पत्र निर्माण, छात्र दुर्घटना बीमा योजना, स्कूल भवनों और शौचालय निर्माण की समीक्षा की गई। समर कैंप की तैयारी बेहतर करने के निर्देश दिए। जेईई और नीट की तैयारी के लिए चल रही कोचिंग क्लास की जानकारी ली। जिला चिकित्सालय में स्वीकृत पदों के मुकाबले कार्यरत स्टाफ की स्थिति पूछी। अस्पतालों में रिक्त पदों की पूर्ति के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा। 108 और महतारी एक्सप्रेस की संचालन व्यवस्था और उसकी मॉनिटरिंग की जानकारी ली। जिला अस्पताल में मरीजों और परिजनों के लिए पानी की व्यवस्था की स्थिति पूछी। मुख्य नगर पालिका अधिकारी को तलब कर पानी की आपूर्ति करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संस्थागत प्रसव के लक्ष्य और उपलब्धि की जानकारी ली। टीकाकरण अभियान, टीबी उन्मूलन, पोषण पुनर्वास केन्द्रों की स्थिति की भी समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिले के प्राथमिक और उप स्वास्थ्य केन्द्रों के पुराने भवनों, निर्माणाधीन और प्रगतिरत भवनों की जानकारी ली।


