भास्कर न्यूज | कोडरमा उप विकास आयुक्त रवि जैन ने मंगलवार को समाहरणालय परिसर में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए आमजनों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। जनता दरबार में लोगों ने व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़े मामलों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। जनता दरबार के दौरान वृद्धा पेंशन योजना का लाभ दिलाने, अतिक्रमण हटाने, पैक्स के माध्यम से धान की बिक्री, रोजगार से संबंधित समस्याएं, पीएम किसान योजना की लंबित राशि भुगतान सहित कई अन्य विषयों पर आवेदन प्राप्त हुए। अपनी बारी आने पर लोगों ने उप विकास आयुक्त के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और समाधान की मांग की। उप विकास आयुक्त रवि जैन ने सभी आवेदनों को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा -निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों की जांच कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आमजनों को समय पर राहत मिल सके।


