भास्कर न्यूज |मंडावर गुरुवार को नगर पालिका परिसर में प्रशासक अमित कुमार वर्मा की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर की सौंदर्यीकरण और स्वच्छता रैंकिंग सुधारना था। इस दौरान व्यापारियों और आमजन से चर्चा कर प्लास्टिक थैलियों पर पूरी तरह रोक लगाने और नालों में अतिक्रमण रोकने का निर्णय लिया गया। नगरपालिका प्रशासक अमित कुमार वर्मा ने बताया कि स्वायत्त शासन विभाग के स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-2026 में भागीदारी निभाते हुए गुरुवार को पालिका परिसर में शहर के आमजन व व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। जिसमें शहर की साफ सफाई, सौंदर्यकरण, कचरा संग्रहण, प्लास्टिक बैन सहित नालों पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि शहर की स्वच्छता रैंकिंग को सुधारा जाएगा। वहीं नगरपालिका प्रशासक ने शहर के लोगों से भी शहर की सुंदरता ओर स्वच्छता को लेकर गंभीरता दिखाने की अपील की। इस मौके पर वरिष्ठ सहायक मुरारी सैनी, एसबीएन इंजीनियर कुलदीप चतुर्वेदी सहित पालिका स्टाफ व व्यापारी ओर आमजन मौजूद रहे।


