भास्कर संवाददाता | रायसेन महामाया चौक पर केंद्रीय बजट 2026–27 का सीधा प्रसारण देखा और सुना गया। यहां बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रभुराम चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, युवा नेता कार्तिकेय सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष सविता जमुना सेन सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने बजट को दूरदर्शी और सर्वसमावेशी बताया। कहा कि यह बजट देश को विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ाने वाला है। इससे आर्थिक प्रगति को नई गति मिलेगी। निवेश, उद्योग और बुनियादी ढांचे के विकास के साथ रोजगार के नए अवसर बनेंगे। बजट में गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तीकरण को प्राथमिकता देने की सराहना की गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की सोच को मजबूती मिली है। ‘सबका साथ–सबका विकास–सबका विश्वास’ की भावना को बजट में प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया गया है।


