भास्कर न्यूज |लुधियाना कमिश्नरेट एरिया में दिन-रात 140 पुलिसकर्मियों की तैनाती के बावजूद हर रोज एक लूट की वारदात हो रही है। जनवरी में शहर के 28 थानों में लूट के 31 मामले दर्ज हुए, जिनमें विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को दिनदहाड़े निशाना बनाया गया। खासकर डिवीजन नंबर 5, डिवीजन नंबर 8 और डेहलों थाना क्षेत्रों में दिन के समय 9 वारदातें हुईं। हैरानी की बात यह है कि पुलिस ने क्राइम ग्राफ कंट्रोल में दिखाने के लिए कई केस देरी से दर्ज किए। जनवरी में 5 ऐसे मामले सामने आए, जिनमें लूट दिसंबर में हुई थी, लेकिन पुलिस ने एफआईआर एक महीने बाद दर्ज की। कई पीड़ितों का आरोप है कि जब वे शिकायत लेकर पुलिस के पास गए, तो उन्हें चक्कर कटवाए गए और कार्रवाई में देरी की गई। लोगों का कहना है कि पुलिस समय पर केस दर्ज नहीं कर रही, जिससे अपराधियों को मौका मिल रहा है और वे बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में कई पीड़ितों ने कहा कि शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई नहीं की। जनवरी में दर्ज हुए 31 मामलों में से कई मामलों में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। लोगों का आरोप है कि पुलिस केवल गश्त बढ़ाने और चेकिंग करने का दावा कर रही है, लेकिन अपराधियों पर कोई लगाम नहीं लगा पा रही। चौकाने वाली बात यह है कि सभी मामलों में पीड़ितों का आरोप है कि उन्हें बार-बार थाने के चक्कर काटने पड़े। इसके बाद जब संबंधित केस के जांच अधिकारी ने उनका पर्चा दर्ज नहीं किया तो उन्हें मजबूर होकर किसी उच्च अधिकारियों से मिलकर शिफारिश लगवानी पड़ी। हैरानी की बात यह है कि इन देरी से दर्ज की 5 शिकायतों में पुलिस ने अज्ञात लोगों पर ही पर्चा दर्ज किया है। लोगों का आरोप है कि पुलिस ने इन सभी मामलों में अपनी जांच को शुरू भी नहीं किया। पुलिस लूट की वारदातों को हलके मे लेकर सख्ती से कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इससे आरोपी हर दिन लूट कर रहे हैं। {30 दिसंबर को दुगरी क्षेत्र में सड़क पर एक व्यक्ति को 8 लोगों ने घेर कर पहले तो उसके साथ मारपीट की। फिर उसके गले में पहनी हुई सोने की चेन लूट ली। इसकी शिकायत घटना की शाम को पीड़ित ने पुलिस को दी, लेकिन उसके बावजूद भी पुलिस ने 3 जनवरी को बार-बार कहने के बाद पर्चा दर्ज किया। 27 दिसंबर की रात को मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर जा रहे एक युवक से शिमलापुरी के जनता नगर में मारपीट कर 3 मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उसका मोबाइल फोन, जरूरी दस्तावेज और 5 हजार रुपये लूट लिए थे। इसकी शिकायत अगले दिन पुलिस को दी, लेकिन पर्चा 29 जनवरी को दर्ज हुआ। 26 दिसंबर को डाबा एरिया क्षेत्र के अधीन आते भगत सिंह स्कूल के समीप एक व्यक्ति शाम के समय काम से घर लौट रहा था। तभी मोटरसाइकिल सवार चार युवकों ने पीड़ित से मारपीट करते हुए 11 हजार रुपये और अन्य जरूरी दस्तावेज लूट लिए। जिस संबंध में थाने के बार-बार चक्कर काटने के बाद 3 जनवरी को पर्चा दर्ज हुआ। 23 दिसंबर को डेहलों के अधीन आते गांव मुकंदपुर में एक महिला से मारपीट करते हुए उनके हाथ से सोने की अंगूठी और गले में पहनी सोने की चेन लूट ली गई। इस संबंध में 5 जनवरी को पर्चा दर्ज हुआ। {4 जनवरी को फोकल पॉइंट एरिया में रात के समय घर लौटते समय एक फैक्ट्री कर्मचारी से पहले मारपीट हुई। फिर मोटरसाइकिल को लूट लिया गया। कर्मचारी ने संबंधी थाने के बार-बार चक्कर काटने के बाद 18 जनवरी को पीड़ित की शिकायत दर्ज की गई।


