जन्म के अगले दिन बेटी का गला रेतकर फेंका:राजगढ़ में अवैध संबंध छिपाने मां ने की हत्या की कोशिश; नानी ने गले पर मारा चाकू

राजगढ़ जिले के पचोर में नवजात बच्ची का गला रेतकर कचरे के ढेर में फेंकने वाली मां को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। अपना अवैध संबंध छिपाने के लिए उसने नवजात को मारने की कोशिश की। इस काम में उसकी मां ने भी साथ दिया। पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया है। बता दें कि आरोपी महिला तीन साल से अपने पति को छोड़कर पचोर में अपनी मां के साथ रह रही है। इस दौरान उसके एक युवक से संबंध बन गए। पुलिस ने इस युवक के खिलाफ भी रेप का केस दर्ज किया है। फिलहाल नवजात बच्ची भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। जहां उसका इलाज चल रहा है। वह अभी स्वस्थ है। कचरे के ढेर में मिली थी बच्ची, गले पर था घाव
पचोर के मेला ग्राउंड पर शनिवार सुबह करीब 9 बजे कड़कड़ाती ठंड में कचरे के ढेर में नवजात बच्ची मिली थी। उसके गले पर 4 इंच चौड़ा और एक इंच गहरा घाव था। वहां पास में रहने वाली महिला आरक्षक माया निगम ने उसे देखा। उसकी सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को तत्काल पचोर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को पहले राजगढ़ और फिर भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया। जन्म के अगले दिन गला रेतकर कचरे में फेंका
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, प्रेग्नेंसी रिपोर्ट और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच शुरू की। शंका के आधार शनिवार को ही मेला ग्राउंड वार्ड 11 में रहने वाली आरोपी महिला को हिरासत में लिया गया और उससे पूछताछ की गई। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने उसे छोड़ दिया है। वह तीन साल से पति से दूर रह रही है। इसी बीच एक युवक से उसके संबंध बन गए। इसी संबंध को छिपाने के लिए उसने बेटी के जन्म के अगले ही दिन उसे मारने की कोशिश की। आरोपी की मां ने नवजात बच्ची का चाकू से गला रेता। इसके बाद उसे शनिवार सुबह करीब 5 बजे कचरे के ढेर में फेंक आए। दोनों महिलाओं पर हत्या की कोशिश का केस
पचोर थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि हत्या के प्रयास की धारा BNS 109 और नवजात व 12 साल से कम उम्र के बच्चे को पूरी तरह से त्यागने की मंशा से लावारिस छोड़कर चले जाने की धारा BNS 93 के तहत दोनों महिलाओं पर केस दर्ज किया गया है। वहीं आरोपी महिला के बयान के आधार पर आरोपी पप्पू (निवासी कानपुर) के खिलाफ बलात्कार की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पप्पू से आरोपी महिला के अवैध संबंध थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *