भास्कर संवाददाता | सीकर शहर में ब्रह्माकुमारीज द्वारा शिवरात्रि महोत्सव के तहत चल रहे 12 दिवसीय जन चेतना कार्यक्रम का रविवार को समापन हुआ। जिला खेल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान बच्चों की काउंसलिंग की गई। डिप्रेशन से बचाव व मेडिटेशन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ब्रह्माकुमारीज सीकर केंद्र की प्रभारी बीके गोपी दीदी ने बताया कि जन चेतना कार्यक्रम के तहत शहर में विभिन्न जगह पर कार्यक्रम हुए। 36 फीट के शिवलिंग के रूप में त्रिमूर्ति शिव के दर्शन किए। उन्होंने बताया कि चेतना कार्यक्रम में शहर के करीब 10 हजार लोग शामिल हुए। इस दौरान 350 लोगों ने नशा छोड़ने के लिए शपथ-पत्र भरे हैं, जबकि 150 लोगों ने मौके पर ही नशा छोड़ा। इसके साथ ही 5 स्कूली बच्चों की काउंसलिंग की गई। इससे बच्चों का मनोबल बढ़ा और वे परीक्षा की तैयारी में जुटे। इससे पहले बच्चे काफी डिप्रेशन में थे। इन बच्चों को परिवार के लोग लेकर आए। प्रभारी ने बताया कि इन चेतना कार्यक्रम में सेंटर की ओर से 10 डॉक्टरों की टीम सेवा दे रही थी। उन्होंने ही बच्चों को डिप्रेशन से बाहर निकाला। उन्हें शांतिपूर्वक रहने के बारे में बताया गया। साथ ही मोबाइल से दूरी बनाने के लिए प्रेरित किया गया। नशा मुक्ति, डिजिटल डिटॉक्स, आत्म जागृति चेतना, मेडिटेशन के विभिन्न कार्यक्रम हुए। इस दौरान लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लिया। उन्होंने विशेषज्ञों से मेडिटेशन सहित विभिन्न विषयों की जानकारी ली। सेंटर के प्रेम भाई ने चेतना यात्रा का उद्देश्य बताया। जिला खेल स्टेडियम में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में व्याख्यान कार्यक्रम हुआ। पीस फुल व हैप्पी लाइफ समृद्ध परिवार विषय पर व्याख्यान हुआ। बीके नरेश भाई ने व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में हर व्यक्ति तनाव में रहने लगा है। इसी का परिणाम है कि लोग नशा करने लगे हैं। इससे कई परिवार बर्बाद हो रहे हैं। नशे से स्वास्थ्य को नुकसान होने के साथ ही आर्थिक तंगी भी झेलनी पड़ती है। इसीलिए तनाव मुक्त रहें, इसके लिए मेडिटेशन के लिए समय निकालें। यह आज के समय में बहुत जरूरी है। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सीकर के जन चेतना कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण का केंद्र 36 फीट का शिवलिंग रहा। इसके दर्शन के लिए रोज 800 से 1000 लोग आए। आयोजकों के अनुसार 36 फीट का शिवलिंग माउंट आबू केंद्र से सीकर लाया गया। जागरूकता कार्यक्रम देवीपुरा हाउसिंग बोर्ड, बजाज रोड स्थित जैन भवन, रामेश्वरम सांवली, गहलोत मोटर्स के पास जयपुर रोड, पशुपति मंदिर महंतों की कोठी, नवलगढ़ व जिला खेल स्टेडियम में रखा गया। इस दौरान चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई।


