बीकानेर के बंगला नगर में धर्मांतरण करवाने के आरोप में दो युवकों की जमकर पिटाई कर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एक मकान में धर्मांतरण किया जा रहा था। शहर के बंगाला नगर इलाके में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस एक घर पर पहुंची। इससे पहले मोहल्ले वालों ने ही इस घर को घेर रखा था। आरोप है कि इस घर में कुछ लोगों का धर्म परिवर्तन करवाया जा रहा था। कुछ संगठनों के लोगों ने पहुंचकर जबरन धर्मांतरण की कोशिश के आरोप लगाते हुए युवकों के साथ मारपीट भी की। बाद में मुक्ता प्रसाद पुलिस मौके पर पहुंची। जिन युवकों के साथ मारपीट की गई, उन्हें अलग किया गया। किराए पर चल रहे इस घर में पिछले कुछ दिनों से गतिविधियां चल रही थी। जिसे आसपास के लोग संदिग्ध मान रहे थे। पुरुष, महिलाएं और बच्चे मौजूद थे, जिनमें से कुछ असाध्य रोगों से पीड़ित थे। मौके पर प्रार्थना हो रही थी, जिसे लेकर विश्व हिंदू परिषद और हिंदू जागरण मंच के नेताओं ने आपत्ति जताई। विश्व हिन्दू परिषद के जिला अध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि यहां काफी समय से बाहरी लोगों का आना-जाना था। शर्मा ने आरोप लगाया कि 20-25 हजार रुपए का लालच देकर लोगों को बुलाया जाता है, फिर उनका धर्म परिवर्तन करवाया जाता है। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक दस्तावेज और अन्य सामग्री जब्त कर ली है। मौके से धर्म विशेष का साहित्य भी मिला है। जिसे सीज कर लिया गया है। मौके पर मौजूद लोगों को मुक्ता प्रसाद थाने ले जाया गया जहां उनसे पूछता जारी है।। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।


