शनिवार को जबलपुर के गोरखपुर थाना इलाके में स्थित एक चर्च में ब्लाइंड छात्र छात्राओं का धर्मांतरण कराए जाने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा कर दिया। कुछ ही देर में विवाद इस कदर बढ़ गया कि हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता और चर्च में मौजूद लोगों के बीच हाथापाई तक हो गई। विवाद की जानकारी लगते ही गोरखपुर थाना पुलिस के साथ सीएसपी मौके पर पहुंचे और विवाद को शांत कराने की कोशिश की, बावजूद इसके दोनों पक्ष लड़ते रहे। दरअसल गोरखपुर के जॉनसन स्कूल कैंपस के पीछे स्थित एक चर्च में क्रिसमस कार्यक्रम के नाम पर शहर के अलग-अलग छात्रावासों से लगभग 70 दिव्यांग छात्र छात्राओं को बुलाया गया था, और चर्च के अंदर उनसे प्रार्थना कराई जा रही थी, और इसी बात की जानकारी लगते ही हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और दिव्यांग बच्चों को लालच देकर धर्मांतरण करवाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों में जमकर मारपीट भी हुई। हालांकि पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर दोनों पक्षों को अलग-अलग किया। गोरखपुर थाना पुलिस ने हिन्दू संगठन के आरोपों पर जांच शुरू की। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना है कि अक्सर जब भी ब्लाइंड छात्र छात्राओं को छात्रावास से कहीं ले जाना होता है तो उसकी परमिशन ली जाती है, लेकिन प्रारंभिक जांच में पुलिस को कार्यक्रम आयोजकों के पास किसी प्रकार की परमिशन प्राप्त नहीं हुई है। गोरखपुर पुलिस ने मौके से एक संदिग्ध व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है, जिसके पास किसी प्रकार का कोई आई डी प्रूफ नहीं था। सीएमपी एमडी नगोतिया ने कहा कि- फिलहाल सभी बच्चों को वापस छात्रावास भेज दिया गया है, पुलिस चर्च में कार्यक्रम आयोजित करने वालों के साथ साथ जिन दिव्यांग छात्रावासों से बच्चों को लगा गया था उनसे भी पूछताछ कर कड़ी कार्रवाई करने की बात कह रही है।


