जबलपुर नगर निगम का ई-पोर्टल पिछले एक सप्ताह से बंद होने के कारण मकान-दुकान का नक्शा, अन्य कार्यों के लिए नोड्यूज सर्टिफिकेट जारी करने, जियो टैगिंग, नामांतरण और रसीदों में सुधार सहित अन्य कई काम अटक गए हैं। वहीं निगम के ज्यादातर कर्मचारियों की ड्यूटी एसएआर में लगी होने के कारण निगम मुख्यालय में कर्मचारी भी कम आ रहे हैं। पोर्टल ठप होने के कारण संभागीय अधिकारियों के लॉगिन से भी कोई काम नहीं हो पा रहा है। इससे निगम कमिश्नर द्वारा निर्धारित राजस्व संग्रह का लक्ष्य भी समय पर प्राप्त करना संभव नहीं है। पोर्टल ठप होने के संबंध में निगम के अधिकारियों ने नगरीय विकास एवं आवास विभाग को पत्र लिखा है, फिर भी पोर्टल की सेवाएं बहाल नहीं हुई हैं। अधिकारियों के कैबिन खाली मिले दैनिक भास्कर ने शुक्रवार को नगर निगम के राजस्व विभाग का मुआइना किया, तो सुबह 11 बजे तक अधिकांश अधिकारी कैबिन में नहीं मिले। जबकि कर्मचारियों ने बताया कि ई-पोर्टल पूरी तरह ठप होने से काम के लिए आने वाले लोग परेशान हैं। वे पोर्टल खुलने का इंतजार कर रहे हैं। संपत्तियों में सुधार कराने वाले परेशान रसीदों और दर्ज संपत्तियों में सुधार करवाने वाले लोग परेशान हो रहे हैं। संभागीय कार्यालय जाने पर उन्हें मुख्यालय भेज दिया जाता है, लेकिन वहां भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। नक्शा या अन्य कार्यों के लिए नो-ड्यूज सर्टिफिकेट भी नहीं मिल पा रहे हैं। सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतें इस तकनीकी खराबी के कारण कई परेशानियां सामने आ रही हैं। नई संपत्तियों में जियो-टैगिंग, नामांतरण, रसीदों में सुधार के काम अटकने के कारण लोग सीएम हेल्पलाइन में शिकायतें कर रहे हैं।


