जबलपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विजयनगर थाने का घेराव किया:क्षेत्र में बढ़ते अपराधों के विरोध में प्रदर्शन; पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग

जबलपुर के विजयनगर थाना इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के विरोध में रविवार को स्थानीय कांग्रेस जनप्रतिनिधियों ने थाने का घेराव किया। सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्त्ता दीनदयाल चौक से नारेबाजी करते हुए थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर मौजूद पूर्व पार्षद जितिन राज, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा और कांग्रेस नेता अन्नू तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शाम होते ही कार में सवार युवक खुलेआम शराबखोरी करते हैं और उनके पास चाकू-पिस्टल जैसे हथियार रखना आम हो गया है। इससे छेड़छाड़, लूट, चोरी और चाकूबाजी जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। जनप्रतिनिधियों ने हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि जसवीर राजपूत के साथ लूटपाट और मारपीट हुई, लेकिन सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने अहिंसा चौक स्थित सेम मोटर्स में एक महीने में दो बार चोरी होने का भी उल्लेख किया, जिसके बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। इसी तरह आदित्य पटेल पर मामूली पार्किंग विवाद को लेकर चाकू से हमला कर सोने की चेन लूट ली गई, लेकिन आरोपी बेखौफ घूम रहे हैं और सोशल मीडिया पर वीडियो भी बना रहे हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग ज्ञापन सौंपते हुए पुलिस से शराब दुकानों के आसपास सघन चेकिंग, अवैध अहातों पर छापेमारी और होटल और स्पा सेंटरों में चल रही संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार की शिकायतें भी आम हो गई हैं। जनप्रतिनिधियों ने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि पार्कों, सुनसान गलियों, जीरो डिग्री रोड, होटलों और स्पा सेंटरों में नियमित दबिश और गश्त बढ़ाई जाए ताकि क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाया जा सके। इस विरोध प्रदर्शन में पंकज पाण्डेय, सोनू कुकरेले, भानु यादव, पप्पी सोनी, बसंत ठाकुर, सचिन जैन, राजा रैकवार, शुभम अग्रवाल, अभिनव बाजपेई, करन ठाकुर सहित सैकड़ों कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *