सिहोरा विकासखंड के ग्राम बुधुवा स्थित जय मां ममता कृषि केंद्र पर किसान कल्याण एवं कृषि विभाग की टीम ने कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान दुकान में बड़ी अनियमितताएं पाई गई, जिनमें एक्सपायरी डेट के कीटनाशक, प्रतिबंधित केमिकल और लाइसेंस से बाहर की कंपनियों के उत्पादों का अवैध भंडारण शामिल है। यह कार्रवाई अनुविभागीय कृषि अधिकारी मनीषा पटेल और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जे.एस. राठौर ने की। जांच में 21 एक्सपायरी डेट की कीटनाशक, खरपतवारनाशक और फफूंदनाशक दवाएं बरामद हुई। इसके अलावा, नुवान 100 मिलीलीटर की 51 बोतलें भी मिलीं, जिसे भारत सरकार ने 8 अगस्त 2018 से प्रतिबंधित कर रखा है। कृषि विभाग के उप संचालक डॉ. एस.के. निगम ने बताया कि प्रतिष्ठान द्वारा अपने लाइसेंस में दर्ज कंपनियों के अलावा अन्य कंपनियों के कीटनाशकों का अवैध भंडारण और विक्रय कर रहा था। यह नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। इन गंभीर अनियमितताओं के मद्देनजर, कृषि विभाग के अधिकारी जयपाल सिंह राठौर ने कृषि केंद्र संचालक राकेश तिवारी के खिलाफ मझगंवा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। यह एफआईआर कीटनाशक अधिनियम 1968 की धारा 29(1)(a), 29(1)(d) और 29(2) के तहत दर्ज की गई है। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों की सुरक्षा और फसल संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए ऐसे मामलों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


