जबलपुर-बरगी रोड पर मंगलवार दोपहर अचानक ही एक चलती गाड़ी में आग लग गई। बताया जा रहा है कि जबलपुर से गौर क्षेत्र में चलने वाली वैन अवैध रूप से घरेलू गैस से संचालित होती है और इसी वैन से लोगों को लाने ले जाने का काम होता है। मंगलवार की दोपहर को जब मारुति वैन गौर तिराहे के पास पहुंची तभी उसमें अचानक ही आग लग गई। इस दौरान 4 से 5 लोग गाड़ी में बैठे हुए थे। कार में आग लगते ही उसमें बैठ लोग बाहर कूद गए। जानकारी लगते ही गौर पुलिस चौकी की टीम भी मौके पर पहुंच गई और वहां मौजूद लोगों को कार के आसपास से दूर किया। फायर ब्रिगेड की टीम भी कुछ ही देर बाद मौके पर पहुंची और आग को बुझाया। गौर निवासी राजेश कुमार ने बताया कि उसने परिवार के साथ बरगी जाने का प्लान बनाया था और गौर से ही वैन को बुक किया था। थोड़ी ही आगे चलने के बाद अचानक ही चलती कार में आग लग गई। कार में बैठे लोग वैन से कूदकर जान बचाई। बीच सड़क पर कार में आग लगने के चलते दोनों तरफ का ट्रैफिक जाम हो गया। करीब आधे घंटे बाद पुलिस ने ट्रैफिक को क्लियर किया। फिलहाल पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


