जबलपुर में 26 साल की युवती का मर्डर पहले से प्लान था। हमले में घायल युवती की दोस्त का कहना है कि पूरी प्लानिंग बनाकर हत्या की गई है। युवती के भाई की मानें, तो आरोपी महिला ने घर आकर बहन को धमकाया भी था। शहर की प्रोफेसर कॉलोनी में बुधवार दोपहर पति से अफेयर के शक में पत्नी ने युवती की गर्दन पर चाकू मारकर हत्या कर दी थी। उसकी दोस्त को भी चाकू मारा था। घटना माढ़ोताल थाना इलाके की है। आरोपी शिखा मिश्रा घटना के बाद से फरार है। उसके पति ब्रजेश मिश्रा का भी पता नहीं है। उसका मोबाइल बंद आ रहा है। पुलिस को जांच में पता चला है कि मंगलवार रात शिखा और ब्रजेश का झगड़ा हुआ था। बड़ा-छोटा चाकू साथ लाई थी, दोनों से हमले किए
हमले में घायल युवती की दोस्त ने बताया, ‘शिखा को शक था कि मेरी दोस्त का उसके पति से अफेयर चल रहा है। इसीलिए मेरी दोस्त ने शिखा को मेरे घर पर बातचीत के लिए बुलाया था। बुधवार दोपहर में दोनों घर आईं। उनके बीच झगड़ा होने लगा। शिखा ने दोस्त की पीठ और फिर पेट पर चाकू मारे। वह अपने बैग में एक बड़ा और एक छोटा चाकू लेकर आई थी। उसने दोनों चाकुओं से हमले किए। बचाने की कोशिश में मुझे भी चोट पहुंचाई। वह बड़ा चाकू साथ लेकर भाग गई। मेरी दोस्त तो उसका कन्फ्यूजन दूर करना चाहती थी।’ दो घंटे परिवार को तलाश करती रही पुलिस
घायल युवती का कहना है, ‘मैं खून से लथपथ हो चुकी थी। इसी हालत में बाहर निकली। पड़ोसियों की मदद से दोस्त को दीनदयाल चौक के एक प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंची। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां उसकी मौत हो गई।’ इधर, जानकारी लगते ही माढ़ोताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार मौके पर पहुंचे। दो घंटे तक पुलिस युवती के परिवार वालों को तलाश करती रही। शाम 4.30 बजे पुलिस को पता चला कि वह शहर के बजरंग नगर की रहने वाली थी। इसके बाद उनके भाई को जानकारी दी। तबीयत खराब थी, बिना बताए घर से निकली थी
युवती के भाई ने बताया, ‘मंगलवार रात शिखा, पति ब्रजेश और एक साथी अजय पटेल के साथ घर आई थी। हंगामा करते हुए बहन और मेरी मां से झगड़ी थी। धमकाते हुए गई थी। इस दौरान ब्रजेश ने कुछ नहीं बोला।’ युवती के भाई का कहना है, ‘चार-पांच दिन से बहन की तबीयत खराब थी। वह ऑफिस नहीं जा रही थी। बुधवार को घर पर बिना कुछ बताए कार लेकर चली गई। दोपहर 1 बजे से लेकर 2 बजे के बीच उसे 100 बार फोन लगाया, पर उसने कॉल नहीं उठाया। इसके बाद उसके दोनों मोबाइल बंद हो गए।’ शादी का वादा किया था, बहन को अंधेरे में रखा
युवती के भाई का कहना है, ‘बहन और ब्रजेश 10 साल से संपर्क में थे। ब्रजेश जब कभी भी घर आता था, तो कहता था कि वह बहन से शादी करेगा। दो साल पहले पता चला कि उसने शिखा से शादी कर ली है। उसने बहन को अंधेरे में रखा। बहन का एक मोबाइल भी गायब है। इसमें इस पूरे केस से जुड़े कई अहम सबूत हैं।’ घटना से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… पति से अफेयर के शक में महिला की हत्या
जबलपुर में पति से अफेयर के शक में पत्नी ने एक महिला की हत्या कर दी। शहर की प्रोफेसर कॉलोनी में महिला ने दो युवतियों पर चाकू से हमला किया। गर्दन पर हुए वार के चलते एक की मौत हो गई, जबकि दूसरी की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे इलाके के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना माढ़ोताल थाना इलाके की है। पूरी खबर पढ़िए


