जबलपुर में 75 किसानों से ट्रैक्टर की ठगी:रिंग रोड निर्माण में लगवाए थे, न किराया मिला, न लौटाए ट्रैक्टर; एएसपी बोले- एफआईआर दर्ज की

जबलपुर में सबसे बड़ी रिंग रोड बन रही है, जिसके लिए बड़ी-बड़ी मशीनों के साथ ट्रैक्टर भी किराए से लग रहे हैं। गोसलपुर, मंझौली, मझगवां, कुंडम गांव में रहने वाले सैकड़ों किसानों ने जबलपुर के एक शख्स को किराए पर ट्रैक्टर दे दिए। तीन माह तक जब किराया नहीं मिला तो किसान मौके पर पहुंचे, जहां पता चला कि जिस व्यक्ति को ट्रैक्टर दिए थे वह गायब हैं। इतना ही नहीं 75 किसानों के ट्रैक्टर भी गायब हैं। किसानों ने आसपास बहुत तलाश किया लेकिन ट्रैक्टर नहीं मिले तो गोसलपुर थाने पहुंचे। वहां पर भी सुनवाई नहीं हुई है, लिहाजा किसान मंगलवार को एसपी आफिस पहुंचे और शिकायत बताई। पौड़ी खुर्द गांव में रहने वाले किसान गुलाब राय ने बताया कि जबलपुर के रहने वाले दीपक गोस्वामी ने कुछ माह पहले गांव आकर किसानों से कहा कि पास ही रिंग रोड बन रही है। यहां किसान अपना ट्रैक्टर लगवाना चाहते हैं, तो चल सकते हैं। दीपक के कहने पर पौड़ी खुर्द, गोसलपुर, कुंडम गांव में रहने वाले किसानों ने करीब 100 से अधिक ट्रैक्टर रिंग रोड बनाने में लगा दिए। कुछ दिनों तक दीपक लगातार किसानों के संपर्क में था। अचानक एक दिन उसका फोन बंद हो गया। किसान मौके पर पहुंचे तो पता चला कि दीपक के साथ-साथ 75 ट्रैक्टर गायब हैं। फाइनेंस करवाया था ट्रैक्टर
किसान गुलाब राय का कहना है कि एक साल पहले ही ट्रैक्टर बैंक से फाइनेंस करवाया था। सोचा था कि रिंग रोड के काम में अगर ट्रैक्टर लग जाएगा, तो आराम से किस्त निकाल आती। गुलाब राय ने बताया कि दीपक गोस्वामी का एक साथी भी है, जिसका नाम विमल पटेल है। वह भी ट्रैक्टर देने से इंकार कर रहा है, उसका कहना है कि हमारे पास ट्रैक्टर नहीं है। ठग है दीपक और विमल
गुलाब राय का कहना है कि आसपास के कई लोगों के ट्रैक्टर दीपक और विमल लेकर गए है। जहां पर रिंग रोड बन रही है, वहां पर भी पूछताछ की गई तो पता चला कि कई दिनों से दोनों नहीं आए हैं। जितने ट्रैक्टर काम पर लगे थे, सभी गायब हैं। दीपक और विमल ने 25 हजार रुपए प्रतिमाह में किराए पर लगाया था। गुलाब ने बताया कि इससे पहले दमोह के भी किसानों के साथ दोनों ने ठगी की थी। एएसपी सूर्यकांत शर्मा का कहना है- गुलाब राय की शिकायत पर गोसलपुर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। किसानों का कहना है कि गोसलपुर के अलावा जिले के कई अन्य गांवों में भी ठगों ने किसानों के साथ ट्रैक्टर ठगी की है। पूछताछ में यह भी पता चला कि दीपक गोस्वामी की पूरी गैंग काम रही है। फिलहाल सभी की तलाश जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *