केंद्रीय सुरक्षा संस्थान ‘गन कैरिज फैक्ट्री(जीसीएफ)’ के पास स्थित पाट बाबा मंदिर से सटे जंगल में कुछ दिनों से तेंदुआ का मूवमेंट देखा जा रहा है। यहां चार तेंदुए बताए जा रहे हैं। जिसे देखते हुए वन विभाग ने वन कर्मचारियों को तैनात कर दिया है। वहीं राहगीरों को अलर्ट करने के लिए फैक्ट्री और मंदिर प्रबंधन ने रास्ते पर पोस्टर लगा दिए हैं। जिनमें लिखा गया है कि अंधेरा होने या अकेले इस क्षेत्र में न आएं। पाट बाबा मंदिर में रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। जिसे देखते हुए वन विभाग और मंदिर प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है। यही कारण है कि रास्ते पर पोस्टर लगाए गए हैं। गुरुवार को एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेंदुए दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो पाट बाबा मंदिर के आसपास का बताया जा रहा है। उधर, जिला वनमंडल अधिकारी ऋषि शुक्ला ने स्थिति को गंभीर माना है। इसे देखते हुए वनकर्मियों को सर्चिंग पर लगाया गया है। जंगल में बढ़ने लगी तेंदुओं की गतिविधियां डुमना, खमरिया और नयागांव पहले से तेंदुओं के स्थायी ठिकाने हैं, पर अब पाट बाबा मंदिर से सटे जंगल में तेंदुओं की गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं। बताया यह भी जा रहा है कि जीसीएफ की न्यू कॉलोनी के पास तेंदुआ परिवार के साथ दिखाई दे रहा है। 2023 में 17 तेंदुए दिखाई दिए साल 2023 में जबलपुर के शहरी क्षेत्र में तेंदुओं की गणना की गई थी। राज्य वन अनुसंधान केंद्र (एसएफआरआई) की लैपर्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट के मुताबिक गणना के दौरान करीब 17 तेंदुओं की उपस्थिति दर्ज की गई थी। वन विभाग का अनुमान है कि पिछले दो वर्षों में इनकी संख्या लगभग दोगुनी हो सकती है। तेंदुओं की मौजूदगी टिकरा, घाना, रिठौरी, एलपीआर, ईडीके, ट्रिपल आईटी, फूड पार्क और आर्मी वर्कशॉप समेत शहर के कई इलाकों में देखी जा रही है। फैक्ट्री और मंदिर के आसपास वनकर्मी और सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं। राहगीरों से अपील, हादसे की आशंका पाट बाबा मंदिर समिति के सदस्य संदीप जायसवाल ने बताया कि बीते कुछ दिनों से यहां चार तेंदुए दिखाई दे रहे हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं। इनमें श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और खासकर रात के समय मंदिर के पास बिल्कुल भी न रुकें। संदीप जायसवाल ने यह भी बताया कि जीसीएफ फैक्ट्री के सुरक्षाकर्मी और गार्ड अलग-अलग इलाकों में तैनात किए गए हैं, ताकि निगरानी मजबूत की जा सके। रेस्क्यू टीम पाट बाबा जंगल में मौजूद डीएफओ ऋषि शुक्ला का कहना है कि लोग सतर्क रहें। वनकर्मियों की टीम लगी है, जो तेंदुआ परिवार तक लगातार नजर रख रही है। जरूरत पड़ी तो तेंदुआ को रेस्क्यू भी किया जाएगा। उन्होंने जबलपुर निवासियों से अपील की है कि तेंदुओं को लेकर कोई जानकारी लगती है, तो फौरन वन विभाग को सूचना दें।


