जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित सुखिया रोड के क्वार्टर नंबर 83 में सोमवार देर रात आग लग गई। स्थानीय निवासी हसप्रीत सिंह के घर में लगी इस आग से स्टोर रूम पूरी तरह जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, दो से ढाई लाख रुपए का नुकसान हुआ है, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। आग रात लगभग 10 बजे लगी। पड़ोसियों ने क्वार्टर से घना धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी और अन्य लोगों को सतर्क किया। स्थानीय निवासियों ने बाल्टी और पाइप की मदद से आग बुझाने का प्रयास भी किया। आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया सूचना मिलते ही फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग मुख्य रूप से घर के पिछले हिस्से में बने स्टोर रूम तक ही सीमित रही, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। दमकलकर्मियों के अनुसार, आग सबसे पहले स्टोर रूम में लगी, जहां पुराने कपड़े, लकड़ी के सामान और अन्य ज्वलनशील वस्तुएं रखी हुई थीं। आग के कारण स्टोर रूम पूरी तरह जल गया। इसके अलावा, टीवी, फ्रिज, किचन के कई इलेक्ट्रॉनिक आइटम और अन्य घरेलू सामान भी आग की चपेट में आ गए। घटना के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था। हसप्रीत सिंह की मां और बहन शहर के एक अस्पताल में इलाज के लिए गई हुई थीं। आग की सूचना मिलने पर हसप्रीत सिंह और उनके परिजन अस्पताल से लौटे और स्थिति देखकर बदहवास नजर आए। हसप्रीत सिंह ने बताया, “हम घर पर नहीं थे। पता चला तो दौड़कर पहुंचे। अंदर का ज्यादातर सामान जल चुका है। यह बड़ा नुकसान है।”


