जमशेदपुर पुलिस ने गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुई स्नैचिंग की दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर छीने गए सभी सामान बरामद कर लिए हैं। पहली घटना 16 सितंबर 2025 की रात करीब 8:15 बजे हुई। पिपला निवासी निधिराम महतो अपनी पत्नी रूपाली महतो के साथ साकची से गोलमुरी होते हुए अपने घर जा रहे थे। एनएमएल फ्लैट गेट के पास पीछे से आए स्कूटी सवार युवक ने उनकी पत्नी के कंधे पर टंगा पर्स छीन लिया और फरार हो गया। इसके लगभग 15 मिनट बाद, रात 8:30 बजे, कोमल कुमारी भी गोलमुरी चर्च के पास स्नैचिंग का शिकार हुईं। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। सिदगोड़ा थाना के सहयोग से पुलिस ने शुभम कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया है। शुभम कुमार विद्यापतिनगर, सिदगोड़ा का रहने वाला है। आरोपी के पास से दोनों मामलों में छीने गए पर्स, मोबाइल फोन, नकद राशि, महिलाओं के गहने, क्रेडिट-डेबिट कार्ड और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई लाल रंग की स्कूटी भी जब्त की है।


