जमशेदपुर में अनियंत्रित चेचिस ने बाइक सवार दंपती को कुचला:पति की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल; 100 मीटर तक घिसटती रही बाइक

जमशेदपुर के मानगो गोलचक्कर के पास शनिवार को एक सड़क हादसा हुआ। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित चेचिस वाहन ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया। इस दुर्घटना में बाइक चला रहे पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार चेचिस वाहन ने दंपती को टक्कर मारने के बाद करीब 100 मीटर तक घसीटा। चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घटना के समय पुलिस मौके पर मौजूद थी, फिर भी यह दुर्घटना हुई, जो पुलिस प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश देखा गया और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए। सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क यातायात सामान्य करने का प्रयास किया। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक और घायल महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने चेचिस वाहन को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। इस घटना ने शहर में सड़क सुरक्षा और पुलिस की कार्यशैली पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *