जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर पंचायत भवन बजरंगनगर के पास रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय मासूम शिवम कैवर्तो की मौत हो गई। शिवम रविवार शाम करीब पांच बजे अपने दोस्तों के साथ घर से खेलने निकला था। शाम छह बजे के बाद उसके सभी दोस्त अपने-अपने घर लौट आए, लेकिन शिवम घर नहीं पहुंचा। देर शाम तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों की चिंता बढ़ती चली गई। पिता शिवनाथ कैवर्तो ने पहले खुद आसपास खोजबीन की, लेकिन जब कहीं पता नहीं चला तो परसुडीह थाना पुलिस को सूचना दी गई। कुएं के पास मिली चप्पल, अनहोनी की आशंका खोजबीन के दौरान पंचायत भवन के पास स्थित एक कुएं के पास शिवम की चप्पल देखी गई, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। बताया जा रहा है कि यह कुआं करीब 30 फीट गहरा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने टाटा स्टील के सुरक्षाकर्मी मजरुल बारी से सहयोग मांगा। रस्सी की मदद से मजरुल बारी कुएं में उतरे और तलाश शुरू की। करीब रात साढ़े नौ बजे कुएं से शिवम का शव बाहर निकाला गया। मासूम का शव निकलते ही मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल घटना के बाद पूरे छोटा गोविंदपुर और बजरंगनगर इलाके में शोक का माहौल है। मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग भी घटना से स्तब्ध हैं। सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे हादसा मान रही है, हालांकि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि खेलने के क्रम में बच्चा कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। काफी खोजबीन के बाद रात में शव बरामद किया गया है। परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


