जमशेदपुर में गौ-तस्करी का एक बड़ा प्रयास विफल हो गया है। मानगो थाना क्षेत्र के आज़ादनगर रोड नंबर-2 के पास मंगलवार रात पुलिस ने एक इनोवा कार से पांच गौवंश बरामद किए। ये गौवंश क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाए जा रहे थे। मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए गौवंश की तस्करी की जा रही है। इस सूचना के आधार पर मानगो थाना पुलिस ने आज़ादनगर रोड नंबर-2 पर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार के भीतर रस्सियों से बांधे गए पांच गौवंश मिले। गौवंशों की हालत गंभीर थी, जिन्हें तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया। जांच में यह भी सामने आया कि कार पर लगा रजिस्ट्रेशन नंबर फर्जी था। वाहन पर बाइक का नंबर प्लेट लगाया गया था, जिसका उद्देश्य पुलिस को गुमराह करना था। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर गौ-तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।


