जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलुंग इलाके में आबकारी विभाग ने छापेमारी कर एक नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। भारी मात्रा में नकली शराब और सामग्री बरामद छापेमारी के दौरान टीम ने नकली शराब की कई बोतलें बरामद कीं। साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त स्प्रिट, कैरेमल, खाली बोतलें, ढक्कन और विभिन्न ब्रांड्स के नकली स्टिकर भी जब्त किए गए। जब्त किए गए सभी सामान को विभागीय कार्यालय ले जाया गया है। आरोपी मौके से फरार आबकारी विभाग के सब-इंस्पेक्टर रामदेव पासवान ने बताया कि फैक्ट्री का संचालन जितेंद्र यादव और कल्लू सिंह कर रहे थे। छापेमारी की भनक लगते ही दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। नकली शराब से राजस्व और स्वास्थ्य को नुकसान अधिकारियों ने कहा कि नकली शराब कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा। यह अवैध धंधा न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि नकली शराब के सेवन से आम लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है।


