जमशेदपुर वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर हिरण के कटे हुए सींग, मोर के पंख और कुल 76 जीवित पक्षी बरामद किए हैं। 56 तोते और 20 अन्य चिड़ियों को मुक्त कराया गया यह कार्रवाई साकची थाना क्षेत्र के कासीडीह इलाके और साकची गोलंबर के पास की गई। कासीडीह से हिरण के सींग और मोर के पंख बरामद हुए, जबकि साकची गोलंबर के पास एक वाहन से 56 तोते और 20 अन्य चिड़ियों को मुक्त कराया गया। जमशेदपुर के डीएफओ सब्बा आलम अंसारी ने बताया कि वन विभाग को शहर में वन्यजीव तस्करों के एक सक्रिय गिरोह की सूचना मिली थी। इसके बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया और अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई। गिरफ्तार तीनों तस्करों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया डीएफओ ने बताया कि सभी जब्त पक्षियों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। गिरफ्तार तीनों तस्करों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।


